*
Success Mantra : सफलता के लिए थोड़ा जुनून होना भी जरूरी, जानें शतरंज मास्टर विश्वनाथन आनंद का नजरिया*
बहुत कम लोग होंगे, जिन्हें शतरंज मास्टर विश्वनाथन आनंद के समान सफलता और शोहरत मिली होगी। वह पांच बार विश्व चैंपियन रह चुके हैं। उनकी इस सफलता के पीछे जिस लगन और अनुशासन का हाथ रहा है, उसको जानना अपने भविष्य को संवारने में जुटे किसी भी व्यक्ति के लिए जरूरी सबक हो सकता है। हाल में प्रकाशित अपनी आत्मकथा में उन्होंने अपने अनुभवों के हवाले से व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन के लिए कई जरूरी सूत्र दिए हैं।
अनुभवों का विश्लेषण : आनंद बचपन में खेल के बाद उसके अनुभव तुरंत लिख लेते थे। उन्हें मां ने ऐसा करने को कहा था। इससे उन्हें उन चीजों को समझने में मदद मिली, जो हार का कारण बनती थीं। जैसे, प्रतिद्वंद्वियों के संकेत और वे चीजें, जो खेल के पूर्व या उसके दौरान उन्हें विचलित करती थीं।
खेल से मिले सबक : शतरंज से उन्होंने दो चीजें सीखीं। पहली, निरंतर और वस्तुनिष्ठ विश्लेषण, जिसमें अपनी ताकत और कमजोरियों को पहचानना भी शामिल है। दूसरी, अपने सुरक्षित दायरे से बाहर निकलने की दृढ़ता और जोखिम उठाने की क्षमता, जिनके बिना आगे बढ़ना कठिन है।
लक्ष्य पर निगाह : आनंद का मानना है कि जीवन के बड़े लक्ष्यों को पाने के लिए कुछ हद तक जुनूनी होना जरूरी है। आपको अपने लक्ष्य पर लगातार नजर रखनी होगी। यह लंबे समय का काम है। इसके बिना आदमी आसानी से रास्ता भटक जाता है।
बेहतरी की रणनीति : भूलना काम करने और बेहतर नेतृत्व करने का प्रभावी तरीका माना जाता है। इस संबंध में आनंद का कहना है कि नई जानकारियों से वाकिफ रहने के लिए भूलना और सीखना (अनलर्निंग और लर्निंग) महत्वपूर्ण प्रक्रिया है।
संघर्ष पर ध्यान : आनंद का कहना है कि भविष्य में सफलता की कल्पना हमेशा अच्छी बात नहीं होती। खेल के दौरान हमेशा जीत की संभावना देखना आपको आराम की स्थिति में ला सकता है, जिससे गलतियां हो सकती हैं। लक्ष्य और सफलता की राह की कल्पना करना महत्वपूर्ण है। लेकिन वहां पहुंचने का सपना देखने की बजाय इस बात पर ध्यान देना जरूरी है कि वहां पहुंचने का कठिन संघर्ष किस प्रकार करें।
काम की बात : आनंद के अनुसार, किसी रणनीति को प्रभावी बनाने के लिए तैयारी जरूरी है। पर सही तैयारी वही होती है, जिसमें संभावित स्थितियों का अभ्यास आपको अप्रत्याशित स्थितियों में भी सटीक प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार करता है।
सबसे अहम यह है कि आप कड़ी मेहनत और सचेत प्रयास सुनिश्चित करें, ताकि आपके पास जो कु़छ है, उसे बेहतर बना सकें।
⭐⭐⭐⭐⭐
ટિપ્પણીઓ નથી:
ટિપ્પણી પોસ્ટ કરો